निलंबित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने की दूसरे विभाग से जांच कराने की मांग
सविलयन विद्यालय बिजलीघर सासनी का मामला
शिक्षक दंपती से विवाद में स्कूल के अन्य स्टाफ के खिलाफ की गई है निलंबन की कार्रवाई
निलंबित चारों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने डीएम को पत्र सौंप की इस मामले की दूसरे विभाग से जांच की मांग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सविलयन विद्यालय बिजलीघर सासनी में शिक्षक दंपती से विवाद के मामले में स्कूल के अन्य स्टाफ को भी विभाग ने दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई है, लेकिन अब इस निलंबन पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। इसे लेकर निलंबित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने डीएम से किसी दूसरे विभाग से इस मामले की जांच कराने की मांग की है।
पिछले दिनों सासनी के बिजलीघर स्थित सविलन विद्यालय (प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालय) में तैनात शिक्षक दंपती से स्कूल के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं का विवाद हो गया था। इस मामले में बीएसए व खंड शिक्षा अधिकारी भी मौके पर गए थे। उनके सामने भी स्कूल में आपस में शिक्षक-शिक्षिकाओं के बीच विवाद हुआ था। इसे लेकर शिक्षक दंपती के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करते हुए अन्य को जांच के घेरे में लिया गया था, लेकिन जांच में सहयोग नहीं करने और स्कूल में हुए विवाद के दोषी मानते हुए जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने सोनिका, करुणा सिंह, उभेंद्र सिंह और राजकुमारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए इन चारों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने आरोप लगाया है कि जांच अधिकारी ने सभी साक्ष्यों को नजरंदाज किया है। जांच में भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया है। इसे लेकर चारों ने डीएम को भेजे पत्र में कहा कि निलंबन आदेशों को निष्प्रभावी करते हुए प्रकरण की फिर से निष्पक्ष जांच बीएसए के अतिरिक्त किसी अन्य विभागीय सक्षम अधिकारी से कराई जाए।