हाथरस : कलेक्ट्रेट सभागार में मिशन शक्ति के तहत बैठक लेते डीएम।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट सभागार में मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ‘हक की बात’ कार्यक्रम का आयोजन डीएम रमेश रंजन की अध्यक्षता में हुआ। छात्राओं ने कैरियर और उच्च शिक्षा के संबंध में प्रश्न पूछे। डीएम ने छात्राओं का मार्गदर्शन भी किया। उन्होंने कहा कि किसी भी दिशा में आगे बढ़ने और किसी भी क्षेत्र में कैरियर बनाने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि आप अच्छे इंसान बनें। कम सुविधा पाने वाले छात्र अधिक कामयाबी पाते हैं, इसलिए जीवन में सुविधाओं के अभाव पर ध्यान न देते हुए अपने जुनून व अनुशासन के बल पर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहना चाहिए।
छात्रा करुणा चौधरी ने पूछा कि वह डॉक्टर बनना चाहती है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश राठौर ने बताया कि छात्राओं को अपनी रुचि के अनुरूप विषय का चुनाव करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। जिला प्रोबेशन अधिकारी डीके सिंह ने अभ्युदय योजना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए नीट की परीक्षा की तैयारी करें।
आरंभ से ही जीव विज्ञान विषय पर पकड़ मजबूत करने पर जोर दिया। छात्रा प्रिया और चित्रा ने आईपीएस अफसर बनने के संबंध में जानकारी मांगी तो डीएम ने उनको सिविल सेवा परीक्षा के विषय में विस्तार से बताया। जिला विद्यालय निरीक्षक ऋतु गोयल ने बालिकाओं को गोल निर्धारित कर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।