हाथरस : निधि समर्पण अभियान के तहत गांव गंगचौली में धन संग्रह करते लोग।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के लिए कड़ाके की ठंड के बावजूद निधि समर्पण अभियान के कार्यकर्ता रविवार को तीसरे दिन भी अपने काम में जुटे रहे। व्यापारी, नौकरीपेशा, किसान और मजदूर सभी वर्गों के लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार इस अभियान में योगदान दिया।
सासनी क्षेत्र के एक किसान ने रविवार को 1.51 लाख, दो किसानों ने एक-एक लाख और एक किसान ने 51 हजार रुपये का योगदान दिया। मुरसान के एक घर से 1.51 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया गया। हाथरस नगर में एक उद्यमी ने 51 हजार रुपये समर्पित किए। कई व्यापारियों ने 11 हजार रुपये समर्पित किए। रोज मजदूरी करने वाले एक रामभक्त ने 1,100 रुपये का समर्पण प्रभु श्रीराम के चरणों में समर्पित किया।
सिकंदराराऊ, सादाबाद और सहपऊ क्षेत्र के गांवों में भी हिंदू परिवारों ने पूरे मन से इस अभियान में निधि समर्पण किया। जिला प्रचारक धर्मेंद्र ने कहा कि कई रामभक्तों के बलिदान एवं वर्षों की प्रतीक्षा के बाद समस्त हिंदू समाज के मानबिंदु प्रभु श्रीराम का दिव्य एवं अलौकिक मंदिर बन रहा है। यह सभी के लिए परम सौभाग्य का विषय है। उन्होंने समस्त हिंदू परिवारों से मंदिर निर्माण के लिए पूरी श्रद्धा से समर्पण करने का आह्वान किया है।
जन्मदिन पर छात्र ने भी किया समर्पण
हाथरस। अयोध्या में भगवान श्रीराम के दिव्य एवं अलौकिक मंदिर के लिए कक्षा आठ में पढ़ने वाले मुंशी गजाधर सिंह मार्ग निवासी छात्र व भाजपा नगर मंत्री हरीश सेंगर के पुत्र भव्य सेंगर ने अपने जन्मदिन पर 11 सौ रुपये का समर्पण किया है। भव्य ने अपना समर्पण नगर प्रचारक चंद्रशेखर एवं नगर अभियान प्रमुख सुनीत आर्य को सौंपा। नगर प्रचारक ने भव्य को जीवन में उन्नति की कामना के साथ शुभाशीष दिया। भव्य सेंगर डीपीएस की आठवीं कक्षा में पढ़ते हैं। भव्य संघ की शाखाओं में जाते हैं एवं सभी प्रमुख कार्यक्रमों में अपने चाचा आशीष सेंगर के साथ सहभागिता करते हैं।