न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लॉकडाउन-04 के मद्देनजर शासन के निर्देश पर डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने बाजार खोले जाने के संबंध में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों तथा जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। इस बैठक में बाजार खोलने की जानकारी दी गई।
बैठक में डीएम ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य सामाजिक दूरी को बनाना है। दुकानों के खुलने का समय सभी की सहमति से सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक निर्धारित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि कोई भी दुकान चाहे वह किसी भी प्रकार की हो सुबह नौ बजे से पहले नहीं खोली जाएगी। यदि कोई भी दुकान नौ बजे से पूर्व खुली पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने नगर पालिका/नगर पंचायत क्षेत्रों में स्थित बाजारों को खोले जाने के संबंध में अवगत कराया है कि आवश्यक वस्तुओं/सेवाओं के अंतर्गत आने वाली सभी दुकानें यथा दूध, दवा, सब्जी, किराना स्टोर्स एवं मिठाई व बेकरी की दुकानें सोमवार से लेकर शनिवार तक सुबह नौ बजे से छह बजे तक खुलेंगी। इसी प्रकार घरेलू एवं पारिवारिक उपयोग की वस्तुओं/सामान की दुकानें जैसे रेडीमेड गारमेंट्स, वस्त्रालय एवं साड़ी, जूते व चप्पल की दुकान, बुक स्टेशनरी, ज्वेलरी शॉप, टेलरिंग, कास्मेटिक्स एवं जनरल स्टोर बर्तन, बैग व अटैची से संबंधित दुकानें मंगलवार, बृहस्पतिवार तथा शनिवार को सुबह नौ बजे बजे से शाम छह बजे तक खोली जाएगी।
कंस्ट्रक्शन कार्य का सामान, विभिन्न घरेलू/वाणिज्यिकी सामान आदि की दुकानें जैसे मोबाइल की दुकान, हार्डवेयर/पेंट (कलर), सैनिटरी, लोहे की दुकान, साइकिल की दुकान, इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रानिक्स ऑटोमोबाइल्स/ऑटो गैरेज प्रिटिंग प्रेस एवं फ्लैक्स प्रिंटिंग चश्मे की दुकान तथा फर्नीचर की दुकानें सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को खुलेंगी।
रविवार को खुलेंगी सिर्फ ये दुकानें
डीएम ने कहा कि दूध, सब्जी तथा दवा की दुकानें रविवार को प्रतिदिन की तरह निर्धारित समयानुसार खोली जाएगी। इसके अलावा सभी प्रकार की दुकानों के खुलने पर रविवार को पूर्णता प्रतिबंधित किया गया है। बैठक में व्यापारियों ने अपने सुझाव व्यक्त किए। इस अवसर पर सीडीओ आरबी भास्कर, एडीएम जेपी सिंह, एसडीएम सदर रामजी मिश्र, एसडीएम सासनी हरिशंकर यादव, एसडीएम सिकंदराराऊ विजय शर्मा, एसडीएम सादाबाद राजेश कुमार, ओसी कलेक्ट्रेट राजबहादुर सिंह यादव, उपायुक्त उद्योग अधिकारी दुष्यंत कुमार, एआरटीओ नीतू सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के अलावा व्यापारी व अन्य अधिकारी मौजूद थे।