हाथरस : इगलास रोड स्थित बगीची में आंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर पहुंचे पुलिस व प्र
- फोटो : SASNI
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)।
इगलास रोड पर कोतवाली के निकट बगीची में लगी आंबेडकर प्रतिमा को शरारती तत्वों ने मंगलवार की रात को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस-प्रशासन में खलबली मच गई। एसडीएम राजकुमार यादव, पुलिस क्षेत्राधिकारी रुचि गुप्ता एवं प्रभारी निरीक्षक गौरव सक्सेना दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। बसपा और सपा के नेता भी मौके पर आ गए। उच्चाधिकारियों के आदेश पर आनन-फानन यहां नई प्रतिमा स्थापित कराई गई। तब जाकर मामला शांत हो सका।
दरअसल, इगलास रोड स्थित आंबेडकर बगीची में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा लगी हुई थी। मंगलवार की देर रात को असामाजिक तत्वों ने इस प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसकी सूचना जैसे ही पुलिस-प्रशासन को मिली, वैसे ही अधिकारी मौके पर पहुंच गए। यह सूचना पूरे क्षेत्र में जंगल में आग की तरफ फैल गई। मौके पर सपा नेता महेंद्र सिंह सोलंकी, मोहर सिंह और बसपा के जिलाध्यक्ष महेशबाबू कुशवाहा काफी नेता और अनय लोग भी पहुंच गए। आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखकर इन लोगों में गुस्सा था।
पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने हालात की गंभीरता को भांपते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। आनन-फानन क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा लगवाने का निर्णय लिया गया। तुरंत नई प्रतिमा मंगवाकर यहां स्थापित कराई गई। तब इन लोगों का गुस्सा शांत हुआ। आंबेडकर अनुयायियों में इस बात को लेकर गुस्सा था कि एक तरफ देश भर में बाबा साहब आंबेडकर की 130वीं जयंती मनाई जा रही है। वहीं दूसरी तरफ असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर घिनौनी हरकत की है।