न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लापरवाह और भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक का रुख काफी सख्त है। अब एसपी ने साइबर सेल में तैनात एक दरोगा व एक सिपाही को निलंबित कर दिया है। यह साइबर ठगी के एक आरोपी को बचा रहे थे और उससे इसकी एवज में रुपये भी मांग रहे थे। इनके खिलाफ विभागीय जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।
साइबर ठगी के मामलों की जांच यहां पुलिस के साइबर सेल द्वारा की जाती है। इसी तरह के एक मामले की जांच यहां का साइबर सेल कर रहा था। बताते हैं कि साइबर ठगी के पीड़ित एक व्यक्ति द्वारा एसपी से यह शिकायत की गई कि साइबर सेल में तैनात एक एसआई और एक कांस्टेबिल उसके केस में आरोपी को बचा रहे हैं और आरोपी की मदद कर रहे हैं।
इस पर एसपी विनीत जायसवाल ने अपने स्तर से जांच पड़ताल कराई तो उन्हें एक ऑडियो भी मिला। इसमें कांस्टेबल द्वारा एक रुपये की मांग की जा रही थी। बताते हैं कि शिकायतकर्ता लिखित में इन पुलिसकर्मियों की शिकायत देने को तैयार नहीं था इस पर एसपी ने खुद इस मामले को स्वत: संज्ञान लेते हुए साइबर सेल में तैनात उपनिरीक्षक सुबोध मान और कांस्टेबल विपिन चौधरी को निलंबित कर दिया है। इनके खिलाफ विभागीय जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है।