न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बिलिंग एजेंसी के कर्मियों के मोबाइल फोन में इंटरनेट की दिक्कत आ रही है। इस कारण बिलिंग की रफ्तार धीमी हो गई है। शहर से देहात तक मात्र 50 प्रतिशत ही बिलिंग हुई है। बिलिंग का ग्राफ गिरने पर अधीक्षण अभियंता ने एजेंसी के कर्मियों के साथ बैठक की। उन्होंने काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि बदलते समय में मोबाइल ब्लू टूथ प्रिंटर की मदद से शहर देहात तक बिलिंग का काम हो रहा है। चारों खंडों में बड़ी संख्या में मीटर रीडर काम कर रहे हैं। जब ये बिल बनाते हैं तो मोबाइल डाटा ऑन होना चाहिए। लोकेशन भी ऑन होनी चाहिए, लेकिन समस्या यह है कि इस बीच इंटरनेट धोखा दे रहा है। इस एजेंसी के कर्मियों को बिल निकालने में दिक्क्तेें आ रही हैं।
पहले बिलिंग एजेंसी के कर्मी शाम को पूरे दिन का डाटा अपलोड करते थे। अब सिस्टम में बदलाव हो गया है। मौके से ही बिलिंग का डाटा यूपीपीसीएल की साइट पर पहुंचता है। अब इंटरनेट की गड़बड़ी के कारण मात्र 50 प्रतिशत ही बिलिंग का काम हुआ है। अधीक्षण अभियंता हरीमोहन ने समीक्षा की बिलिंग के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।