न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के नोडल अधिकारी व राहत आयुक्त संजय गोयल ने शुक्रवार की दोहपर श्री नगर नई बस्ती का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने नोडल अधिकारी को घेर लिया और अपनी समस्याओं से अवगत कराना शुरू किया। हैरानी की बात यह रही है कि नोडल अधिकारी समस्याओं को अनसुना करते हुए सरकारी अफसरों से आंकड़े जुटाने में जुटे रहे। लोगों को कहना था कि साहब आए और समस्याओं को सुने बिना ही चले गए।
श्रीनगर नई बस्ती में जैसे नोडल अधिकारी संजय गोयल पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने घेर लिया और अपनी समस्याओं को बताने लगे। लोगों का कहना था कि साहब यहां जरा सी बरसात में जलभराव की स्थिति हो जाती है। विद्युत खंभों में बरसात के दिनों करंट आने लगता है।
इस कारण हादसे की स्थिति बनी रहती है। इन समस्याओं को सुन नोडल अधिकारी साथ में मौजूद सरकारी अफसरों से आंकड़ों को जुटाने में लग गए। इतना ही नहीं जैसे ही नोडल अधिकारी मोहल्लों में घूमकर अपनी गाड़ी से निकलने पहुंचे तो महिलाएं अपनी अपनी समस्याएं लेकर पहुंची। लेकिन साहब अपनी गाड़ी सवार में होकर निकल गए।