हाथरस: लॉकडाउन के दौरान शहर के प्रमुख घंटाघर चौराहे पर पसरा सन्नाटा।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
दो दिन के लॉकडाउन के पहले दिन शनिवार को शहर के बाजार बंद रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। माह का दूसरा शनिवार होने के कारण सरकारी दफ्तरों में वैस ही अवकाश रहा। लॉकडाउन के चलते लोग जरूरी सामान के लिए भी परेशान रहे। बाजारों में पुलिस की गश्त जारी रही। पुलिस ने कुछ ढकेल वाले और ई-रिक्शा चालकों को बाजार से हड़काकर भगाया, अलबत्ता शहर के राजमार्ग व एनएच पर वाहनोें की आवाजाही जारी रही। शहर में मेडिकल स्टोर की दुकानें जरूर खुली रहीं।
कोरोना के संक्रमण से बचाव के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार की रात्रि साढ़े 10 बजे से सोमवार की सुबह पांच बजे तक लॉकडाउन की घोषणा की है। इस लॉकडाउन का असर शनिवार की सुबह से ही देखने को मिला। सुबह से ही बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। एक दो स्थानों को छोड़कर सब्जी व दूध की दुकानें भी नहीं खुलीं और लोग आवश्यक वस्तुओं के लिए भी परेशान रहे। बाजारों में वीरानी छाई रही। बाजारों में पुलिस की गश्त जारी रही और पुलिस ने शहर के मुख्य चौराहों पर चेकिंग भी की। इतना ही नहीं शराब व वीयर की दुकानें भी बंद रही। पुलिस की किसी कार्रवाई के भय से काफी लोग घरों में ही कैद रहे। माह का दूसरा शनिवार होने के कारण सरकारी विभागों में वैसे ही अवकाश था तो यहां भी सन्नाटा पसरा रहा।
डीएम, एसपी ने पैदल भ्रमण कर देखी स्थिति
हाथरस। डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार और एसपी विक्रांत वीर ने संयुक्त रूप से शहर के कई मुख्य बाजारों का पैदल भ्रमण किया। अधिकारियों ने लोगों से आह्वान किया कि वह कोरोना से बचने के लिए सामाजिक दूरी का पालन करें। घर में रहें और सुरक्षित रहें। भीड़ में न रहें और बिना मास्क के घरों से न निकलें।
वाहनों की सघन चेकिंग, खलबली
हाथरस। दो दिवसीय लॉकडाउन के पहले दिन पुलिस की सघन चेकिंग जारी रही। स्थान-स्थान पर लगे बैरियर पर पुलिस ने वाहनों की चेकिंग की और वाहनों के चालान भी किए। पुलिस की इस कार्रवाई से खलबली भी मची रही। कुछ स्थानों पर अधखुली दुकानोें को पुलिस ने बंद भी करा दिया।