संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम रमेश रंजन ने सभी उप जिलाधिकारियों व अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, नगर पंचायत के साथ बैठक की। उन्होंने सभी संवेदनशील इलाकों की सीसीटीवी कैमरे से निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी पुलिस चौकियों पर जोनल मजिस्ट्रेट धर्म गुरुओं व प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ बैठक करें। जनपद में किसी भी प्रकार की कोई घटना घटित होती है तो संबंधित की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
नमाज के समय पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सांप्रदायिक दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों पर सख्त निगरानी और निरंतर पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। कोई भी व्यक्ति लाउडस्पीकर एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्र का प्रयोग प्रशासनिक अनुमति के बिना नहीं करेगा।
कोई भी व्यक्ति अपने मकान की छत या दीवार या किसी अन्य स्थान पर बिना किसी प्रायोजन के कंकड़, पत्थर, ईंट के टुकड़े, कांच की सामग्री, विस्फोटक सामग्री अथवा ऐसी कोई वस्तु एकत्र नहीं करेगा। मौके पर सभी उप जिलाधिकारी, अधिशासी अधिकारी, तहसील स्तरीय, ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, सभासद, ग्राम प्रधान एवं कोटेदार उपस्थित रहे।