हाथरस : संक्रामक रोग नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य केंद्र में बैठक लेते एसडीएम। संवाद
- फोटो : SADABAD
मौसम में बदलाव के चलते लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। इसके चलते सरकारी और निजी चिकित्सालय में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। इसको लेकर बृहस्पतिवार को एसडीएम शिव सिंह ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सरकारी अस्पतालों में आने वाले अधिक से अधिक मरीजों की जांच कर दवा देने के निर्देश दिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी में दर्जनों मरीजों की बढ़ोतरी हुई है। दवा और परामर्श लेने वालों की लाइन लगी रहती है। निजी चिकित्सकों के यहां भी यही हाल है। लैबों पर भी जांच कराने वालों की भीड़ उमड़ रही है।
एसडीएम शिव सिंह ने प्रभारी शिक्षा अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में अधिक से अधिक लोगों को परामर्श और दवा उपलब्ध किए जाने का प्रयास होना चाहिए। इस तरह के मरीजों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही भारी पड़ सकती है। संक्रामक रोगों के उपचार के लिए जरूरी दवाओं की उपलब्धता का भी पूरा ध्यान रखा जाए।