न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के एक गांव में महिला करंट लगने से झुलस गई। सूचना के बाद गांव पहुंचे महिला के पिता ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद महिला को पुलिस उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
चंदपा क्षेत्र के एक गांव में करीब छह साल पहले एक युवती की शादी हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उसे आए दिन परेशान करते हैं। बृहस्पतिवार रात महिला को करंट लगा दिया। जिससे वह झुलस गई। इस बात की जानकारी महिला ने फोन कर अपने पिता को दी तो वह भी गांव पहुंच गए। उसके बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है। कोतवाली चंदपा के एसआई रामदेव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।