न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
क्षेत्र के गांव धाधऊ में कोरोना से एक व्यक्ति की मौत होने के बाद नवनिर्वाचित प्रधान प्रतिनिधि हरी प्रकाश ने ग्राम पंचायत के तीनों मजरों में सैनिटाइजेशन कराया।
गौरतलब है कि गांव में 45 वर्षीय एक व्यक्ति की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो गई थी। जब स्वास्थ्य विभाग ने मृतक व्यक्ति के परिजनों की कोरोना जांच कराई तो मृतक की मां भी कोरोना संक्रमित मिलीं। पड़ोसियों की जांच कराने पर एक नौ वर्षीय किशोरी भी कोरोना पॉजिटिव मिली थी।
उसे घर में ही आइसोलेट किया गया है। एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद गांव में दहशत बढ़ गई। ग्राम प्रधान सुरेशचंद्र ने ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले गांव धाधऊ, नगला चक्की, नगला मनी एवं नगला सेवा में सैनिटाइजेशन कराया। उन्होंने ग्रामीणों से कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाने, सामाजिक दूरी बनाए रखने और घरों में सफाई का विशेष ख्याल रखने की अपील की।