जिले की ग्राम पंचायतों में तैनात सफाई कर्मी अपने तैनाती स्थल पर सफाई कार्य नहीं कर अन्य क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। इसकी रिपोर्ट पंचायतराज विभाग को मिल गई है। विभाग की ओर इन सफाई कर्मियों की विभागीय जांच भी करा ली गई है। जांच के आधार पर तीन सफाई कर्मियों पर बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है।
पिछले दिनों हुई शिकायत के आधार पर डीपीआरओ बनवारी सिंह ने सफाईकर्मियों की जांच कराई। जांच में पता चला कि एक सफाई कर्मी द्वारा अपनी तैनाती स्थल पर कार्य नहीं करके आगरा रोड पर एमजी पॉलीटेक्निक के नजदीक जिम का संचालन किया जा रहा है। इसी प्रकार एक सफाई कर्मी द्वारा सासनी में मिष्ठान की दुकान संचालित की जा रही है। ऐसे ही एक और मामले की जांच में पुष्टि हुई है।
विभाग की ओर से इन तीनों सफाईकर्मियों के खिलाफ पत्रावलियां तैयार कर ली गई हैं। अब जल्द ही तीनों सफाईकर्मियों की बर्खास्तगी की जाएगी। डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि इन सफाई कर्मियों की जल्द बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी। कई बार इन सफाई कर्मियों को निलंबित भी किया जा चुका है।