न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
रोडवेज में नौकरी दिलाने के नाम पर एटा के युवक से एक लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित जब रुपये मांगने आरोपी के घर गांव मुगलगढ़ी पहुंचा तो उसे धमकाया गया और अभद्रता की। इस पर पीड़ित ने पुलिस को लूट की सूचना दे दी।
एटा के थाना बागवाला स्थित गांव कनिपुर निवासी अवधेश कुमार पुत्र रामदत्त ने इस संबंध में कोतवाली में लिखित शिकायत की है। आरोप है कि गांव मुगलगढ़ी निवासी युवक ने एक साल पहले उसे रोडवेज में कंडेक्टर की नौकरी दिलवाने का आश्वासन दिया था। इसके एवज में एक लाख रुपये भी लिए थे। नौकरी न लगने पर वह पिछले कई महीनों से रुपये वापस मांग रहा है, लेकिन आरोपी हर बार आश्वासन दे देता है।
शुक्रवार को अवधेश रुपये मांगने उसने गांव आ गया। उसका आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी ने फिर से धमकाया तथा गाली-गलौज की। कोई रास्ता न दिखने पर अवधेश ने पुलिस को लूट की सूचना दे दी। लूट की खबर से पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस मौके पर पहुंची। यहां छानबीन के बाद पता चला कि मामला ठगी का है। इसके बाद अवधेश को थाने लाया गया तथा यहां लिखित शिकायत ली। एसएचओ प्रवेश राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।