हाथरस: शहर में वार्डों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते एसडीएम सदर।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर पालिका परिषद के वार्ड वार विशेष सफाई अभियान का ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रेम प्रकाश मीणा ने शुभारंभ किया। मौके पर वार्ड संख्या एक में सफाई कार्य कराया गया है। उन्होंने नगर पालिका परिषद के ईओ को वार्ड वार सफाई के लिए रोस्टर बनाने के निर्देश दिए। तीन महीने के भीतर सभी वार्डों को कचरा मुक्त किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी वार्डों का रोस्टर बनाकर विशेष अभियान के तहत पूरे वार्ड को कचरा मुक्त किया जाएगा। नालियों की सफाई, ऐसे हॉट स्पॉट जहां पर ऐतिहासिक रूप से कचरे के ढेर लगते आए हैं उनको पूरी तरह से हटाया जाएगा। आबादी क्षेत्र में स्थापित डेयरी एवं पशुपालन से संबंधित गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से शहर से बाहर स्थापित कराया जाएगा। गोबर एवं पॉलिथीन के कारण बंद पड़ी नालियों को साफ कराया जाएगा। आगे प्रणालियां आदि ब्लॉक न हो, उसके लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी।
पशुपालन एवं डेयरी को शहर से बाहर विस्थापित करने के लिए शासनादेश के अनुपालन के क्रम में उनके लिए सस्ते किराए पर नगर पालिका द्वारा भूमि की वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी। सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी निर्धारित की जा रही है। सफाई कर्मियों की वार्डवार ड्यूटियों के साथ-साथ गली एवं मोहल्ले में भी सफाई संबंधी ड्यूटी निर्धारित कर उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। ऐसे कचरे के हॉटस्पॉट जहां पर लंबे समय से कचरा इकट्ठा होता आया है उन स्थलों का चिन्हित कर वहां पर डोर टो डोर सर्विस के माध्यम से कचरे इकट्ठे होने से रोका जाएगा।