रोडवेज बसों को शहर के अंदर होकर निकाला जाए
जनता दरबार में सांसद ने सुनी समस्याएं, अधिकारियों को दी हिदायत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सांसद राजवीर दिलेर ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में जनता की समस्याओं को सुना। जब सांसद से कुछ लोगों ने यह शिकायत की कि रोडवेज बस चालक बसों को बाईपास होकर ले जात हैं। शहर में बसें बस स्टैंड पर नहीं पहुंचतीं तो इस पर सांसद ने नाराजगी जाहिर की। इस मामले में परिवहन निगम के अधिकारियों को कहा कि बसों को शहर के अंदर से निकाला जाए। कुछ लोगों ने अन्य समस्याएं भी सांसद को बताईं।
सांसद के सामने कृषि, विद्युत विभाग, सड़क आदि की समस्याएं आईं। लोगों ने शहर में सरकारी बसों की समस्या से भी अवगत कराया। इन लोगों ने बताया कि बसों को हाथरस शहर में अंदर न ले जाकर बस चालक अपनी मनमानी करते हैं। हाथरस बाईपास होते हुए सीधे आगरा ले जाते हैं। इस कारण यात्रियों का परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सांसद ने परिवहन विभाग के आरएम को फोन कर सभी बसों को हाथरस बस स्टैंड से गुजारने के निर्देश दिए। मौके पर सदर विधायक हरिशंकर माहौर, सतेंद्र सिंह, राजेश गुड्डू, निशांत उपाध्याय, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र उपाध्याय, नवनीत गौतम, अविनाश तिवारी पचौरी, एसडीएम सदर नीतीश कुमार, एसडीओ बिजली पवन वर्मा आदि थे।