न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
कस्बे के मोहल्ला बरीवाला में मकान के बंटवारे को लेकर भाइयों के बीच हुए झगड़े के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस मामले में परिवार के कई सदस्यों को नामजद किया गया है। पुलिस जांच में जुटी है।
यूपी पुलिस के सेवानिवृत्त दरोगा ओमप्रकाश के बेटों में मकान के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान दो भाई बुरी तरह घायल हो गए थे। इनका उपचार आगरा में चल रहा है। आगरा के निजी अस्पताल में उपचाररत चंद्र कुमार पुत्र ओमप्रकाश ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि पांच अक्तूबर की सुबह करीब 10 बजे उनके पिता और भाइयों ने मकान के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में उसे पकड़ लिया।
इसके बाद पिता ने 315 के तमंचा से उसे गोली मार दी। इस साजिश में उसकी बहन और बहनोई भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर फिरोजाबाद में तैनात चंद्र कुमार ने आईपीसी की धारा 147, 148, 149, 307 व 34 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट में पिता ओमप्रकाश पुत्र नारायण सिंह, भाई भारत भूषण व पवन कुमार पुत्रगण ओमप्रकाश, मोनू पुत्र भारत भूषण, अनु देवी पत्नी भारत भूषण, अरुणा देवी पत्नी पवन कुमार निवासीगण मोहल्ला बरीवाला सादाबाद, मोहनलाल संत व निशु संत पत्नी मोहनलाल संत निवासीगण गाजियाबाद को नामजद किया है। संवाद