न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षणाधीन रिक्रूट आरक्षियों के दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ। इस मौके पर 98 रिक्रूट आरक्षियों ने कर्तव्य एवं सत्यनिष्ठा की शपथ ली। परेड का निरीक्षण कर पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सलामी ली।
सबसे पहले परेड ग्राउंड पर परेड का आगमन हुआ और फिर परेड कमांडर द्वारा परेड का भार ग्रहण किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल द्वारा परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया गया। उत्तीर्ण 98 रिक्रूट आरक्षियों की दीक्षांत परेड के प्रथम परेड कमांडर रिक्रूट आरक्षी विपिन कुमार, द्वितीय परेड कमांडर अनिल कुमार सिंह और तृतीय परेड कमांडर अजय कुमार रहे। इन्हें परेड की उत्कृष्ट कमांड को लेकर मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत किया गया। आरटीसी परीक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ कैडेट रिक्रूट आरक्षी लखन सिरोही को घोषित किया गया। आईटी में प्रथम स्थान रिक्रूट आरक्षी लखन सिरोही और पीटी में प्रथम स्थान मोहित कुमार व साक्षात्कार में प्रथम स्थान कुलदीप कुमार ने प्राप्त किया। इन सभी रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि द्वारा परेड के दौरान पुरस्कृत किया गया।
मुख्य अतिथि ने अपने अभिभाषण में रिक्रूट आरक्षियों का परेड का शानदार प्रदर्शन करने के लिए अभिनंदन किया गया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस विश्व का सबसे बड़ा पुलिस बल है, जिसमें आप सभी का स्वागत है। अपने कर्तव्य एंव उत्तरदायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक व ईमानदारी के साथ करते हुए पुलिस विभाग एवं जनता के मध्य अपनी छवि बनाएं। यहां सभी रिक्रूट आरक्षियों को समाज के हर वर्ग के प्रति संवेदनशील होकर ड्यूटी करने के लिए संकल्पित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को प्रशिक्षण निदेशालय उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा जारी शपथ के अनुसार शपथ ग्रहण कराई। इस मौके पर सीओ सदर रुचि गुप्ता, प्रतिसार निरीक्षक बिहारी सिंह यादव आदि मौजूद रहे।