न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
तहसील सदर परिसर में बने विनियमित क्षेत्र के कार्यालय में पिछले एक माह से सभी कामकाज ठप पड़े हुए हैं। यहां तक इस कार्यालय पर ताला पड़ा हुआ है। विनियमित क्षेत्र में नए निर्माण कार्यों की अनुमति और अवैध निर्माण कार्यों को रोकने आदि की प्रक्रिया पूरी तरह बंद पड़ी हुई है। शासन की ओर से तबादला किए गए जेई के चार्ज नहीं संभालने से यह स्थिति पैदा हुई है। अब इस प्रकरण में एसडीएम सदर रामजी मिश्र ने जेई के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की संस्तुति कर डीएम को आख्या भेजी है।
शासन के निर्देश पर जिले में तैनात जेई विनियमित क्षेत्र श्याम बाबू का 23 जनवरी को अमरोहा के लिए तबादला किया गया था। आदेश आने के बाद तत्कालीन एसडीएम नीतीश कुमार सिंह ने जेई को 31 जनवरी को कार्यमुक्त कर दिया। शासन ने अमरोहा में तैनात जेई प्रवेश कुमार का हाथरस के लिए तबादला किया। तबादले के बाद चार्ज संभालने के लिए एसडीएम सदर रामजी मिश्र ने कई बार फोन के माध्यम से संपर्क किया और चार्ज संभालने के निर्देश दिए, लेकिन जेई द्वारा किसी भी प्रकार का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया।
वर्तमान में जेई के न होने कारण विनियमित क्षेत्र में हो रहे अवैध कब्जों, नक्शा स्वीकृति, आदि कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हुए हैं। आवेदक अपने काम के लिए तहसील के चक्कर काट रहे हैं। प्रकरण में गंभीरता बरतते हुए एसडीएम सदर ने जेई प्रवेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की है। इस संबंध में एसडीएम ने अपनी आख्या डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार को उपलब्ध करा दी है। एसडीएम सदर रामजी मिश्र ने बताया कि तबादले के बाद जेई को कई बार फोन मिलाया गया है, लेकिन अभी तक चार्ज लेने के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया है।