हाथरस : सराफा बाजार में एक सराफ के यहां छापे के दौरान खड़ी पुलिस की गाड़ी। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
राजस्थान पुलिस ने हत्या और लूटपाट के एक मामले में सोमवार को शहर के एक युवक को हिरासत में ले लिया और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटे गए गहने भी बरामद कर लिए। इस युवक को लेकर पुलिस सराफा बाजार में सराफ की एक दुकान पर भी पहुंची। इस दौरान वहां खलबली मच गई। पुलिस ने सराफ के एक नौकर से भी पूछताछ की। पुलिस इस नौकर को तो छोड़ गई, लेकिन युवक को साथ ले गई।
राजस्थान के कोटा में पिछले दिनों एक महिला की हत्या कर गहने आदि लूटने की वारदात हुई थी। इस सिलसिले में राजस्थान पुलिस ने शहर के बागमूला चौराहा निवासी एक युवक के यहां दबिश दी। इस युवक का नाम भी वारदात में सामने आया था। 11 नवंबर को इस युवक की शादी हुई थी। इस युवक के यहां से पुलिस ने कुछ जेवरात आदि बरामद कर लिए। वहीं इस युवक ने पूछताछ में यह भी बताया कि उसने कुछ जेवरात एक सराफ के यहां दिए हैं।
इस पर कोतवाली पुलिस के साथ राजस्थान पुलिस सराफा बाजार में सराफ के यहां गई। वहां भी यह बात सामने आई कि इस युवक ने यह जेवरात इस सराफ के यहां दिए हैं और वह बदले में अन्य जेवरात ले गया है। इस सराफ के नौकर को राजस्थान पुलिस कोतवाली सदर ले आई। वहां अन्य व्यापारी भी पहुंच गए ।इसके बाद पुलिस ने इस नौकर को छोड़ दिया। तदुपरांत शहर के बागमूला चौराहा निवासी युवक को पुलिस अपने साथ पकड़ कर ले गई। संवाद