न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बुधवार की रात्रि से बृहस्पतिवार की शाम तक शहर में कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हुई। बारिश से पूरा शहर तालाब में तब्दील हो गया। बाजारों के अलावा गली-मोहल्लों में भी पानी भर गया। नाले-नालियाें का पानी उफनकर सड़क पर आ गए। कुछ इलाकों में तो गंदा पानी घरों में घुस गया और लोगों ने अपना सामान तक बाहर निकाल लिया।
कुछ सरकारी दफ्तरों में भी पानी भर गया। बारिश से कई स्थानों पर मकान व दीवारें धराशाई हो गए तो कुछ पेड़ भी गिर गए। इस बारिश से पूरी दिनचर्या गड़बड़ा गई। बाजारों के साथ-साथ सरकारी दफ्तरों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में कैद रहे। शाम को करीब दो घंटे बारिश थमी, लेकिन उसके बाद फिर रिमझिम बारिश शुरू हो गई।
बुधवार की रात्रि करीब 10 बजे से बृहस्पतिवार की शाम तक कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हुई। इस बारिश ने नगर पालिका के सीवेज और ड्रेनेज सिस्टम की कलई खोलकर रख दी। शहर के मोहनगंज, चामड़ गेट, जलेसर रोड, सरक्यूलर रोड, डाकखाना वाली गली, भूरापीर सहित कई प्रमुख बाजारों के अलावा श्रीनगर, नवल नगर, कैलाश नगर, मोहल्ला नई दिल्ली, नाई का नगला, रानी का नगला, आवास-विकास कॉलोनी, तरफरा रोड, शिव कॉलोनी, स्टेट बैंक कॉलोनी, साकेत कॉलोनी, सियाराम कॉलोनी, करबला रोड, विष्णुपुरी आदि इलाकों में पानी भर गया। कई इलाकों में नाले-नालियों का पानी घरों में घुस गया। गंदे पानी के घरों में घुसने से लोग परेशान हो गए।
नगला अलगर्जी में तो नाले की पटरी कट गई और कई-कई फुट गंदा पानी घरों में घुस गया। इससे लोगों ने अपने घरों का सामान भी वहां से निकाल लिया। शहर की कोतवाली सदर, पुराना एसपी ऑफिस, होमगार्ड विभाग के ऑफिस सहित कई सरकारी दफ्तरों में भी पानी भर गया। शाम चार बजे के लगभग बारिश तो थम गई, लेकिन गंदे पानी की निकासी नहीं हुई। शाम को करीब चार बजे के बाद दो गंटे के लिए बारिश थमी, लेकिन फिर रिमझिम बारिश शुरू हो गई। बारिश से कई स्थानों पर दीवारें भरभराकर गिर गई और पेड़ भी धराशाई हो गए। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। संवाद
स्कूलों में हुआ वर्षा अवकाश
हाथरस। स्कूलों में बारिश के चलते वर्षा अवकाश घोषित कर दिया गया। कुछ बच्चे स्कूल गए भी, लेकिन स्कूलों में बारिश के चलते अवकाश की वजह से वह भीगते हुए वापस आ गए। कुछ स्कूलों में परीक्षाएं भी चल रही हैं, लेकिन वहां रैनी डे घोषित कर दिया गया।