हाथरस: ठंड में अलाव पर तापते लोग।
- फोटो : HATHRAS
बारिश, सर्द हवा ने फिर बदला मौसम का मिजाज
पूरे दिन छाये रहे बादल, बारिश को लेकर किसान रहे चिंतित
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। मंगलवार को फिर मौसम का मिजाज एकाएक बदला। कई दिन से जहां सर्दी के तेवरों में नमी थी लेकिन मंगलवार की सुबह हुई हल्की बारिश और सर्दी हवा ने सर्दी के तेवर फिर तल्ख कर दिए। पूरे दिन आसमान में बादल छाये रहे। वहीं किसान इसे लेकर चिंतित रहे कि यदि तेज बारिश आई तो उनकी फसल को नुकसान हो सकता है।
पिछले कई दिन से तेज धूप पड़ रही थी और इससे लोगों को सर्दी से राहत महसूस हो रही थी लेकिन मंगलवार को फिर मौसम एकाएक बदल गया। सुबह हल्की बारिश और उसके बाद चली बर्फीली हवा से फिर शीतलहर का अहसास लोगों को हो गया। पूरे दिन आसमान में बादल छाये रहे। कई बाद इस दौरान हल्की धूप भी निकली, लेकिन इस धूप से लोगों को राहत नहीं मिली। शाम ढलने के बाद सर्दी का प्रकोप और बढ़ गया।
सर्दी से बचने के लिए लोगों ने तरह-तरह के इंतजाम किए। आसमान में बादल छाये रहने से किसान काफी चिंतित रहे। आलू किसानों को यह डर सताता रहा कि यदि तेज बारिश हुई तो उनकी फसल को नुकसान हो सकता है।