हाथरस : रेलवे अंडरपास में भरा पानी।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सिकंदराराऊ (हाथरस)
कई दिन से हो रही बारिश ने आम लोगों के लिए मुश्किल खड़ी कर दी है। पुरदिलनगर को जोड़ने वाले अंडरपास में पानी भरने से पुरदिलनगर-जलेसर मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। तेज बारिश से जीटी रोड की सड़क पूरी तरह उधड़ गई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से भारी वाहनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुरदिलनगर की तरफ से जाने वाले बाइक सवार और पैदल राहगीर खतरे का सामना कर रेलवे लाइन का प्रयोग कर रहे हैं।
वैसे तो लगातार हो रही बारिश से जगह-जगह जलभराव दिखाई दे रहा है, लेकिन सबसे बड़ी समस्या रेलवे अंडरपास से आवागमन करने वाले लोगों के सामने है। जब से यह बना है, तब से लोग परेशान है। एक तो इसकी ऊंचाई कम होने से बड़े ट्रक व अन्य वाहनों को गांव रतिभानपुर होकर पुरदिलनगर जाना पड रहा है। थोड़ी-बहुत बारिश से ही अंडरपास पूरी तरह जलमग्न हो जाता है, जिससे जलेसर की तरफ जाने वाला मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है।
अभी कुछ दिन पूर्व रेलवे ने जलभराव की समस्या दूर करने के लिए यहां काफी काम किया था, लेकिन तेज बारिश के सामने सारे इंतजाम धरे रह गए। अब बाइक सवार और पैदल राहगीरों को रेलवे लाइन पार करके दूसरी तरफ जाना पड़ रहा है। रेलवे लाइन पार करने में जान का जोखिम भी रहता है। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन आने से मोपेड सवार अपनी मोपेड छोड़कर भाग गया था। ट्रेन की चपेट में आने से मोपेड के परखच्चे उड़ गए थे।