हाथरस: जिला महिला अस्पताल में बना कोरोना संदिग्ध गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव कक्ष।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना संदिग्ध गर्भवती महिलाओं के प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में तैयारी पूरी हो चुकी हैं। यहां पर अलग से वार्ड तैयार किया गया है। यहां पर कोरोना वायरस को लेकर अन्य सावधानियां भी बरती जा रही हैं।
कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। जिला महिला अस्पताल आने वाली महिलाओं व उनके तीमारदारों की अस्पताल में प्रवेश से पहले ही स्क्रीनिंग हो रही है।
खास बात यह है कि यहां पर कोरोना संदिग्ध गर्भवती महिलाओं का भी प्रसव हो सकेगा। इसे लेकर जिला महिला अस्पताल प्रशासन ने काफी तैयारी की है। इसके अलावा शहर व देहात के हॉटस्पॉट एरिया से आने वाली महिलाओं को अलग से रखने की व्यवस्था भी जिला महिला अस्पताल में की गई है।
शासन के निर्देश पर हमने कोरोना प्रसव कक्ष बनाया है। यहां पर कोरोना संदिग्ध गर्भवती महिला और हॉटस्पॉट एरिया से आने वाली गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराया जाएगा। इसे लेकर सुरक्षा संबंधी सभी उपाय किए जा रहे हैं। संबंधितों को भी इसमें सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
डॉ रुपेंद्र गोयल, सीएमएस जिला महिला अस्पताल।