हाथरस: विद्युत खंभे पर काम करता कर्मचारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के नवीपुर सबस्टेशन पर लगा 400 केवीए का सबस्टेशन का ट्रांसफार्मर फुंक गया। इस कारण आधी रात से बृहस्पतिवार की देर शाम तक कई मोहल्लों में बिजली संकट गहरा गया। बिना बिजली कामकाज प्रभावित हुआ। लोगों को काफी मुश्किलों से जूझना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि मौसम के बदलाव के साथ बिजली सिस्टम भी चरमरा रहा है। कभी दिन में तो कभी रात में बिजली गुल होना आम बात हो गई है। नवीपुर सबस्टेशन से निकलने वाले फीडर में कई दिनों से वोल्टेज की समस्या चल रही थी। बुधवार की आधी रात को ओवर लोडिंग के चलते तेज धमाके साथ 400 केवीए के ट्रांसफार्मर में धमाका हो गया और ट्रांसफार्मर फुंक गया।
इस कारण काफी घरों में अंधेरा छा गया। जब सुबह लोग नींद से जागे तो बिजली गायब देख हलचल मच गई। बिना बिजली के लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। घरों में लगे इन्वर्टर बैठ गए। लोगों को पीने के पानी तक के लिए इधर उधर भटकना पड़ा। लोग देर शाम तक बिजली आने का इंतजार करते रहे।