ग्रुप में डाले अश्लील वीडियो व फोटो, एडमिन सहित दो हिरासत में
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक मोहल्ले का मामला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवक ने व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील वीडियो व फोटो डाल दिए। जिसे लेकर एक महिला ने ऐसा करने वाले के खिलाफ कार्रवाई को पुलिस से शिकायत की है। जिस पर पुलिस ने ग्रुप एडमिन सहित दो को हिरासत में लिया है।
शहर के एक मोहल्ले की गली के रहने वाले युवकों व किशोरों का एक हैप्पी न्यू ईयर के नाम से व्हाट्सएप ग्रुप है। इस ग्रुप में आगरा निवासी एक महिला के मोबाइल नंबर को भी जोड़ लिया गया। बताया गया है कि यह नंबर उस महिला के बेटे के कहने पर जोड़ा गया, ताकि न्यू ईयर पर हुई पार्टी के फोटो उस तक पहुंचाए जा सकें।
आरोप है कि वह फोटो तो पहले ही डाल दिए गए, लेकिन शुक्रवार की रात को ग्रुप एडमिन के भाई ने उस ग्रुप में कुछ अश्लील वीडियो व फोटो पोस्ट कर लिए। जिस पर महिला ने आपत्ति दर्ज कराने के लिए फोटो सेंड करने वाले को फोन भी किया, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया। इस बात से गुस्साई महिला शनिवार को कोतवाली हाथरस गेट पहुंची और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को तहरीर दी और व्हाट्सएप ग्रुप में डाले गए वीडियो व फोटो के सुबूत भी दिए। जिस पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। एसएचओ मनोज कुमार शर्मा का कहना है कि इस मामले में जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।