बच्चों को एनजीओ के जरिये दिया जा रहा घटिया भोजन
पीडी ने किया हर्दपुर और जसराना के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। ब्लॉक सासनी के गांव हर्दपुर और जसराना के प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों का पीडी एके मिश्र ने निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को एनजीओ से दिए जा रहे खाने की गुणवत्ता खराब मिलने पर नाराजगी जताई। वहीं विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कोई भी कार्य नहीं कराया गया था।
ब्लॉक सासनी के गांव जसराना का पीडी एके मिश्र ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों से गणित, हिंदी आदि विषयों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान बच्चों को एमडीएम के तहत एनजीओ के माध्यम से दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को भी देखा। एनजीओ की ओर से दिए जा रही रोटी काफी टाइट थी और कागजों में लपेट कर लाई गई थी। इस पर पीडी ने नाराजगी जताई। ज्यादातर बच्चे स्कूली ड्रेस में नहीं मिले। इस पर शिक्षिका को सभी बच्चों को यूनिफॉर्म आने के लिए निर्देश दिए।
इस क्रम में हर्दपुर के प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां भी एनजीओ द्वारा दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता खराब मिली। एनजीओ द्वारा दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता खराब मिलने पर नाराजगी जताई। दोनों ही विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत कोई भी काम नहीं मिला।
हर्दपुर में नहीं मिला मनरेगा से कोई काम
हाथरस। पीडी एके मिश्र ने ब्लॉक सासनी के गांव हर्दपुर में मनरेगा के तहत होने वाले कामों की स्थिति की जानकारी ली। जानकारी सामने आया कि संबंधित ग्राम पंचायत सचिव, टीए और अन्य कर्मचारियों ने मनरेगा के तहत कोई भी काम शुरू नहीं किया है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पीडी ने संबंधित पंचायत सचिव व टीए को तीन दिन के अंदर मनरेगा के कार्यों को शुरू कराने और मानव दिवसों को पूर्ण करने के निर्देश दिए।