न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
एसपी विक्रांत वीर ने पिछले दिनों जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए जन संवाद सेल का गठन किया था। अब थानों की पुलिस ने इस व्यवस्था पर अमल करना शुरू कर दिया है। इस क्रम में कोतवाली हाथरस गेट पुलिस ने क्षेत्र के गांव नयावास पहुंचकर लोगों को जन संवाद सेल के बारे में जानकारी दी और गांव का झगड़ा गांव में आपसी बातचीत से ही निपटाने की बात पर जोर दिया।
जिले में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत बनाने के लिए पुलिस और आमजन के आपस में संवाद के लिए एसपी कार्यालय में पिछले दिनों संवाद सेल का गठन किया गया है, जिसमें महिला पुलिस कर्मियों द्वारा एस-10 के सदस्यों संभ्रांत व्यक्तियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनकर फीडबैक दिया जाना था। इस क्रम में रविवार को हाथरस गेट कोतवाली के एसएचओ मनोज कुमार शर्मा ने सुरंगपुरा व नयावास पहुंचकर एस-10 के बारे में लोगों को जानकारी दी।
उन्होंने लोगों को बताया कि एस-10 के सदस्य अपने क्षेत्र व गांव के बीट आरक्षी एवं चौकी हल्का उप निरीक्षक के लगातार संपर्क रहेंगे। सप्ताह में एक बार कम से कम आपसे वार्तालाप करें। लोगों के बीच किसी तरह का विवाद नहीं हो। इलाके में किराएदार का वेरिफिकेशन अवश्य कराएं। आपसी सौहार्द बनाए रखें, पुलिस भी सुरक्षा के लिए है। कोविड-19 के मद्देनजर बाहर निकलने पर मास्क जरूर लगाएं। इससे आप खुद तो सुरक्षित रहेंगे, परिवार के अन्य लोग भी संक्रमण से बच सकेंगे।