दुकान खाली करने को लेकर मारपीट, दो को भेजा जेल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कस्बा मुरसान के छोटा बाजार में करीब दस दिन पहले दुकान खाली करवाने को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसमें किरायेदार द्वारा दुकान मालिक सहित पांच नामजद व पंद्रह-बीस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुरसान कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जिसमें पुलिस ने दो लोगों को जेल भेज दिया है।
रामगोपाल निवासी काफी गंगागढ़ी इगलास अलीगढ़ ने काफी समय पहले मुरसान के छोटा बाजार में मुनेंद्र निवासी अहरई मुरसान की दुकान किराये पर ली थी। काफी समय बीत जाने के बाद मुनेंद्र ने जब दुकान को खलाने की बात कही तो, रामगोपाल दुकान खाली करने में अनमन करने लगा। जिसके चलते तीन जनवरी को मुनेंद्र ने कुछ लोगों के साथ मिलकर भाजपा नेता रामगोपाल के साथ मारपीट कर दी और दुकान में रखा सामान सड़क पर फेंक दिया था।
इसका मामला रामगोपाल ने मुरसान कोतवाली में दर्ज करा दिया था। मामला दर्ज होने के बाद रविवार को मुरसान पुलिस ने दो लोगों को जेल भेज दिया है। मुरसान कोतवाली प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि इस मामले के दो आरोपी हरेंन्द्र पुत्र राजन, सौरभ पुत्र सुरेश चंद निवासी अहरई मुरसान को जेल भेज दिया गया है अन्य लोगों को पकड़ने के लिये दबिश दी जा रही है।