न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
तीन दिन से लापता किशोर को ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही बरामद कर लिया। पुलिस ने किशोर को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। हालांकि इससे पहले ग्रामीण पूरे दिन शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने में जमे रहे थे। शुक्रवार की देर शाम पुलिस ने शिकायत दर्ज की थी।
हैरत की बात तो यह है कि ग्रामीण जिन लोगों पर आरोप लगा रहे थे, वह लापता युवक को तलाशने के लिए 15 दिन का समय मांग रहे थे, लेकिन पुलिस ने 12 घंटे में ही लापता युवक को खोज निकाला। दरअसल, ग्राम समामई के माजरा नगला लुड्डी निवासी 14 वर्षीय प्रशांत कस्बा के मोहल्ला कस्सावान में एक हेयर सैलून पर काम करता था।
तीन दिन पहले दुकान पर बाल कटवाने आए एक युवक का मोबाइल गायब हो गया था। इसका आरोप प्रशांत पर लगाया गया था। हालांकि कुछ समय बाद मोबाइल मिल गया था। आरोप से कुपित होकर प्रशांत घर से चला गया था। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए ग्रामीण शुक्रवार की सुबह से ही चक्कर लगा रहे थे। देर शाम पुलिस ने लापता युवक के परिजनों की शिकायत दर्ज की थी। संवाद