न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता की मौत के बाद परिजन शव का अंतिम संस्कार उसके मायके के लोगों के आने से पहले ही कर रहे थे। इसकी जानकारी होने पर मायके पक्ष के लोग गांव पहुंचे और पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने अधजली लाश को चिता से निकालकर कब्जे में ले लिया और फिर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। तहरीर के आधार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
जनपद फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र के गांव बधाना निवासी महीपाल सिंह ने अपनी 24 साल की बेटी मनीषा की शादी करीब डेढ़ साल पहले केशोपुर निवासी दिनेश के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज के लिए विवाहिता का प्रताड़ित करने लगे। महीपाल सिंह का आरोप है कि मंगलवार की सुबह केशोपुर के एक व्यक्ति ने फोन पर बताया कि उनकी बेटी को मारकर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
सूचना पर मायके पक्ष के लोग एकत्रित होकर पुलिस चौकी केशोपुर पहुंचे। वहां से पुलिस को साथ लेकर गांव के निकट ही एक गड्डे में जल रहे मृतका के शव के पास पहुंचे। पुलिस ने अधजले शव कब्जे में ले लिया और फिर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। यहां पुलिस के आने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग मौके से फरार हो गए। मृतका के पिता ने पति सहित मायके के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज की खातिर उनकी बेटी की हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली हाथरस जंक्शन प्रभारी रितेश कुमार का कहना है कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति, सास, ससुर सहित अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। संवाद