न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के गांव बिसाना के निकट किसी वाहन की टक्कर घायल हुए मजदूर की आगरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। मजदूर की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
चंदपा क्षेत्र के गांव महमूदपुर बाह्मण निवासी 30 वर्षीय राहुल पुत्र राजवीर मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। सोमवार की देरशाम को वह एक युवक के साथ बाइक से सादाबाद गया था। वहां से वापस आने पर वह बिसाना पर बाइक से उतर गया और पैदल-पैदल अपने गांव की ओर चलने लगा। तभी किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी घायल के परिजनों को दी। घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
मंगलवार की सुबह सीटी स्कैन होने के बाद उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए आगरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां दोपहर के वक्त उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजन शव को लेकर वापस आ गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंदपा एसएचओ गिरीश चंद्र गौतम ने बताया कि कि तहरीर के आधार पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद