हाथरस: हाथरस जंक्शन थाने का कनेक्शन काटते बिजली कर्मचारी।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
इन-दिनों बिजली विभाग और पुलिस के बीच कई बार टकराव की नौबत आ रही है। चालान काटने पर बिजली कर्मियों द्वारा सासनी थाने की बत्ती काटने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ है कि बुधवार को हाथरस जंक्शन में भी ऐसा ही पुनरावृत्ति हुई। बुधवार को लाइनमैन किसी काम से जा रहा था। इस दौरान थाने के बाहर पुलिस कर्मियों ने लाइनमैन का चालान काट दिया। चालान से गुस्साए कर्मियों ने हाथरस जंक्शन थाने की बिजली काट दी। वैसे भी थाने पर साढ़े सात लाख रुपये के करीब का बकाया है। बाद में पुलिस व बिजली अधिकारियों के बीच बातचीत हुई तो कनेक्शन को जोड़ दिया गया।
हाथरस जंक्शन थाने में एक तो बिना मीटर के बिजली चल रही है। बीते दिनों एक कर्मी मीटर लगाने के लिए गया तो पुलिस कर्मियों ने उसको भगा दिया। बुधवार को लाइनमैन बृजेश कुमार किसी फाल्ट को दूर करने के लिए जा रहे थे। थाने के बाहर चेकिंग कर रहे पुलिस कर्मियों ने उनका चालान काट दिया। लाइनमैन ने पुलिस कर्मियों को आईकार्ड भी दिखाया। लाइनमैन ने इसकी जानकारी एसडीओ को दी। एसडीओ व जेई ने बकाये के चलते थाने की बत्ती काट दी। इस कारण काफी देर तक थाने की बिजली ठप रही।
जानकारी होने पर थाना प्रभारी पहुंच गए। बाद में थाना प्रभारी व एसडीओ के बीच बात हुई। तब जाकर समझौता हुआ। थाने के कनेक्शन को जुड़वाया गया। एक्सईएन तरुणवीर का कहना है कि थाने में कर्मी मीटर लगाने गया था। उसको पुलिस कर्मियों ने भगा दिया था। इसी वजह से कनेक्शन काटा गया है। अब समझौते के बाद कनेक्शन को जोड़ दिया गया है।