सिकंदराराऊ बवाल: पत्थरबाजी का एक आरोपी गिरफ्तार
वीडियो फुटेज से चिन्हित किए गए कई लोग, गिरफ्तारी के लिए दबिशें तेज
गिरफ्तारी के डर से घर छोड़कर भूमिगत हुए कई संदिग्ध लोग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सिकंदराराऊ (हाथरस)। नगर की जामा मस्जिद पर शुक्रवार को जुलूस रोकने पर पुलिस पर हुए पथराव और फायरिंग के मामले में एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो क्लिप में आरोपी पत्थरबाजी करता नजर आ रहा था। अन्य चिन्हित लोगों की तलाश में भी पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तारी के डर से कई लोग तो घर छोड़कर चले गए हैं। सोमवार को एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने कोतवाली पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। नगर में पुलिस की सक्रियता चल रही है।
बता दें कि बीते शुक्रवार को सीएए और एनआरसी को लेकर मुस्लिम समाज के लोग जुलूस निकालकर ज्ञापन देने जा रहे थे। पुलिस-प्रशासन ने उन्हें रोका तो इन लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। हालात संभालने के लिए पुलिस ने न केवल लाठीचार्ज किया, बल्कि हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने सैकड़ों अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले को डीएम, एसपी ने गंभीरता से लिया था। इस घटनाक्रम की चूंकि पुलिस ने वीडियोग्राफी भी कराई थी, इसलिए वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस ने कई आरोपियों को चिन्हित कर लिया।
सोमवार को इस क्रम में पुलिस ने नगर के मोहल्ला तुरजई निकट एमआई इंटर कॉलेज से इस्माइल पुत्र शेेर खां को गिरफ्तार कर लिया। सीओ डॉ. राजीव कुमार सिंह ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी से काफी देर तक पूछताछ की। दोपहर को एएसपी ने भी कोतवाली पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था और आरोपियों की तलाश में दबिश तेज करने के निर्देश दिए थे। कोतवाल डीके सिसौदिया ने बताया कि बड़ी संख्या में लोग चिन्हित हो चुके हैं, लेकिन अधिकांश घरों पर नहीं मिल रहे हैं।