पुलिस पर थाने से ट्रक गायब करने का आरोप
ट्रक स्वामी ने एसपी से की मामले की शिकायत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सिकंदराराऊ पुलिस पर थाने से ट्रक गायब करने का आरोप लगाया जा रहा है। इस मामले की शिकायत एसपी से कर सुरक्षा की मांग की गई है।
राजस्थान के जनपद भरतपुर के तहसील कामा क्षेत्र के गांव उदाका निवासी नसरू पुत्र अडीमल ने बताया कि 21 नवंबर 2019 को एआरटीओ द्वारा उसके ट्रक को थाना सिकंदराराऊ में सीज कर दिया गया था। कोर्ट में रिलीज प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। नसरू और उसका बेटा ट्रक रिलीज की पैरवी करने के लिए 13 जनवरी 2020 को हाथरस कोर्ट पहुंचे।
आरोप है कि कोर्ट के पास स्थित मस्जिद के पास से नसरू के बेटे जुबैद को सिकंदराराऊ पुलिस ने उठा लिया। आरोप है कि सिकंदराराऊ पुलिस कह रही है कि तुम्हारा सीज ट्रक हमारे थाने से गायब हो गया है और उस ट्रक को ले जाने का आरोप नसरू के बेटे पर लगाया जा रहा है। ट्रक को गायब करने का आरोप लगाते हुए और बेटे के साथ पुलिस द्वारा किसी अनहोनी घटना का आरोप लगाते हुए नसरू ने एसपी से शिकायत की है।
ट्रक स्वामी अभी तक हमारे पास नहीं आया है। अगर वह आकर पूरे मामले की जानकारी देता है तो इस मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-गौरव भंसवाल, एसपी हाथरस।