संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
बुखार लगातार अपना प्रकोप दिखा रहा है। सरकारी अस्पताल के साथ-साथ प्राइवेट अस्पतालों में भी बुखार के रोगी काफी संख्या में पहुंच रहे हैं। देहात के कई इलाकों में बुखार से मौतें भी हो चुकी हैं। वहीं देहात में स्वास्थ्य विभाग व शहर में नगर पालिका फॉगिंग करा रही है। वहीं जिला प्रशासन ने भी इसे लेकर कमर कसी है और डीएम ने बैठक लेकर निर्देश भी दिए हैं।
इस मौसम में हर साल बुखार अपना प्रकोप दिखाता है। इस साल भी बुखार के रोगियों की संख्या बढ़ती जा रही है। सिकंदराराऊ के कस्बा पुरदिलनगर, सादाबाद के गांव कुरसंडा सहित कई इलाकों में बुखार तेजी से फैल रहा है। काफी लोग इसकी चपेट में है और वहां स्वास्थ्य विभाग ने शिविर भी लगाए हैं।
वहीं नगर पालिका प्रशासन ने भी मलेरिया, डेंगू आदि बीमारियों की आशंका के चलते शहर में कीटनाशक का छिड़काव शुरू करा दिया है। वैसे सीएमओ डॉ. चंद्रमोहन चतुर्वेदी का कहना है कि जहां-जहां भी सूचनाएं मिल रही हैं, वहां टीमें भेजी जा रही हैं। आज कहीं से कोई सूचना नहीं मिली है।