हाथरस : कलेक्ट्रेट सभागार में प्रत्याशियों के साथ बैठक करते एडीएम जेपी सिंह।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अपर जिलाधिकारी जेपी सिंह ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पंचायत चुनाव के प्रत्याशियों के साथ बैठक की और उनसे आचार संहिता के पालन का वादा लिया।
उन्होंने कहा कि कोई भी प्रत्याशी, उनके अभिकर्ता और कार्यकर्ता पूर्वानुमति लेकर ही चुनाव प्रचार के लिए लाउडस्पीकर और साउंड बॉक्स का प्रयोग करेंगे। रात 10 बजे से सुबह छह बजे तक चुनाव प्रचार प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रचार वाहन के संचालन, पंफलेट, फोल्डर और बैनर आदि प्रचार सामग्री के प्रकाशन के अलावा रैली या सभा की अनुमति संबंधित उपजिलाधिकारी से प्राप्त की जाएगी।
बिना अनुमति के प्रचार सामग्री के प्रकाशन और रैली या सभा का आयोजन करने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मतदान शुरू होने से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद कर दिया जाएगा। प्रत्याशी के शिविर पर कोई भी झंडा, प्रतीक चिह्न अथवा अन्य कोई प्रचार सामग्री प्रदर्शित नहीं की जाएगी।