संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
शहर से देहात तक कई साल से विद्युत लाइनों को नहीं बदला गया है। इस कारण लाइनों में आए दिन फॉल्ट हो रहे हैं। इन फॉल्ट के चलते लोगों को कई कई घंटे बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। मंगलवार को फिर से कई घंटे लोगों को बिजली कटौती से जूझना पड़ा।
वहीं, दूसरी ओर बिजली चोरी रोकने के लिए कई साल पहले शहर, देहात कस्बे में बंच कंडक्टर लाइन डाली गई थी। अब समय के साथ बिजली उपभोक्ताओं की संख्या में भी इजाफा हो गया। लाइनें भी जर्जर हो गईं हैं। कभी दिन में तो कभी रात में कई - कई घंटे बिजली गुल होना आम बात हो गई है। इसका खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है।
हाथरस शहर के नवीपुर कला, गिजरौली, कांशीराम टाउनशिप, जलकल बिजलीघर, ओढ़पुरा से निकलने वाली लाइनों में मंगलवार को फॉल्ट के चलते दो से तीन घंटे लोगों को बिना बिजली के रहना पड़ा। वहीं देहात के सलेमपुर, नगला रति, हसायन आदि बिजलीघरों की लाइनें भी जर्जर हालत में हैं।
जरा सी आंधी बारिश में बिजली सिस्टम जवाब दे देता है। इस कारण लोगों बिना बिजली के कामकाज प्रभावित भी होता है। कई बार लोगों ने लाइनों के बदलने की मांग की, लेकिन हालत आज भी जस के तस बने हुए हैं। इस मामले में अधिशासी अभियंता सुभाष चंद्रा का कहना है कि जर्जर विद्युत लाइनों को दुरुस्त करा कर उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति प्रदान की जाएगी।
लाइनें जर्जर हालत में हैं। विभाग को लाइनों के बदलने पर ध्यान देना चाहिए। ताकि आने वाले समय में पर्याप्त बिजली मिल सके। हर रोज कई कई घंटे बिजली गुल हो रही है। महेश कुमार।
-
कभी दिन में तो कभी रात में लाइनों में फॉल्ट होना आम बात हो गई है। लाइनें काफी जर्जर हालत में हैं। इन लाइनों को बदलने के साथ बेहतर आपूर्ति दी जाएगी ताकि राहत मिल सके। मंजूर अहमद।
-
बिजली चोरी रोकने के लिए डाली गई बंच कंडक्टर अब काफी जर्जर हो गई है। लाइनों के जर्जर होने के चलते आए दिन बिजली गुल हो रही है। इस कारण मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। विजय।
-
उमसभरी गर्मी में पसीना छूट रहा है। बाकी की कसर लाइनों में हो रहे फॉल्ट पूरी कर रहे हैं। हर रोज कभी दिन में तो कभी रात में बिना बिजली के दिक्कतें हो रहीं हैं। -करुआ।