न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली सदर इलाके के गांव कलवारी में दो समुदाय के लोगों में मामूली बात पर मारपीट हो गई। जमकर लाठी-डंडे चले। मौके पर पुलिस पहुंच गई। दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में ले लिया। एक घायल का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया है।
शहर से सटे गांव कलवारी में चमन खां पुत्र मदारी के बेटे आसिफ से उसके पड़ोसी अमन व अन्य लोगों से विवाद हो गया। पहले हंगामा होने हुआ और फिर मारपीट होने लगी। आरोप है कि एक पक्ष ने पथराव कर दिया, जिससे चमन घायल हो गया। पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने दोनों पक्षों के तीन लोगों को हिरासत में ले लिया और घायल को जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। दोनों पक्षों के एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने एक पक्ष के एक और दूसरे पक्ष के दो लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। कोतवाली सदर प्रभारी अरविंद कुमार राठी ने बताया कि दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले में तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया है।