हाथरस : तालाब चौराहा स्थित ओवरब्रिज पर लगा बैरियर। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर के तालाब चौराहे पर ओवरब्रिज बनने के बाद शहर के लोगों में इस पुल पर आवागमन चालू होने को लेकर काफी उत्सुकता है। कई वर्षों के इंतजार के बाद बने ओवरब्रिज का लोकार्पण होने का सभी को इंतजार है। ओवरब्रिज के लोकार्पण में हो रही देरी को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अफसोस तो यह है कि पुल बनने के बावजूद शहरवासी जाम से जूझने को मजबूर हैं, लेकिन प्रशासन इसके लोकार्पण को टालता ही जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि शहर के लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए सामाजिक और राजनीतिक संगठनों के काफी प्रयासों के बाद तालाब चौराहे की रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बनकर तैयार हुआ है। बीते दिनों पुल पर लोगों ने सफर भी किया, लेकिन अब लोकार्पण होने तक इसे फिर बंद कर दिया गया है।
इस कारण शहर के बागला मार्ग, बिजली कॉटन मिल आदि क्रॉसिंग पर वाहनों के बढ़ते बोझ के कारण लोग सुबह से शाम तक जाम से जूझ रहे हैं। शहर के लोग जगह-जगह ओवरब्रिज के उद्घाटन को लेकर चर्चाएं कर रहे हैं। लोग यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि ओवरब्रिज को अब तो जनता के लिए चालू कर दिया जाना चाहिए, ताकि लोगों को जाम से राहत मिल सके। संवाद