न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
पंचायतराज विभाग की ओर कराए जाने वाले कार्यों को लेकर निदेशक पंचायतराज ने जूम एप के माध्यम से मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) साहित्य प्रकाश मिश्र और जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) सुबोध जोशी के साथ बैठक की।
निदेशक ने निर्देश दिए कि समस्त ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यों का भुगतान पंचायत भवन से ही हो। इसके लिए नया गेट वे पोर्टल तैयार किया गया है। हर घर नल योजना अंतर्गत पाइप पेयजल का हस्तांतरण जल निगम से संबंधित ग्राम पंचायतों को किए जाने के निर्देश दिए। मैनुअल स्कैवेंजर क्षतिपूर्ति योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में सीवर व सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान हुई आकस्मिक मृत्यु की दशा में मृतक के आश्रित परिवार को 10 लाख रुपये की धनराशि दी जाए।
इसकी सूचना पीआरडी फाइनेंस पोर्टल पर मृतक के आश्रित परिवार द्वारा भरी जाएगी। हर घर झंडा अभियान के तहत प्रत्येक घर में झंडा सम्मान के साथ पहुंचे। किसी भी दशा में कहीं पर भी झंडे का अपमान न हो। पंचायत भवन निर्माण पूर्ण करने एवं पंचायत भवन में फर्नीचर और कंप्यूटर आदि कार्यों को तत्काल पूर्ण कराया जाए। स्वच्छ भारत मिशन में चुनी गई ग्राम पंचायतों की योजना स्वयं बनाने एवं कार्यों को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर तत्काल जोड़ा जाए। संवाद