रोडवेज बसों में सुविधाओं की कमी से जूझ रहे यात्री
आईजीआरएस पोर्टल पर पहुंच रहीं शिकायतें
समस्या पर ध्यान देने में खानापूरी कर रहे अधिकारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। हाथरस डिपो की बसों में सफर करने वाले यात्री मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। अब यात्री अपनी समस्याओं के निदान के लिए आईजीआरएस पोर्टल का सहारा ले रहे हैं। कार्यशाला के अधिकारी समस्याओं को दूर करने पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में वर्तमान में 86 बसें हैं, जिसमें से करीब 40 बसें लंबे रूट और बाकी बसें लोकल रूटों पर संचालित होती हैं। लंबे रूट वाली बसों में हालांकि खामियां नहीं है, लेकिन लोकल रूट पर चलने वाली बसों में खामियों का अंबार है। इस कारण यात्रियों को सफर में दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। चार नवंबर को अलीगढ़ के अंकित कुमार ने हेल्पलाइन पर शिकायत करते हुए कहा कि बस संख्या यूपी 81-एफ 8905 की कंडीशन खराब है और सीटें टूटी हुई हैं।
एक व्यक्ति ने शिकायत की कि इस बस का वाइपर काम नहीं कर रहा है। बस की छत से पानी टपक रहा है। अन्य यात्रियों ने परिचालकों के अभद्र व्यवहार की शिकायत भी दर्ज कराई है। इस मामले हाथरस डिपो की एआरएम शशी रानी का कहना है कि शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों से समस्या के दूर करने के साथ रिपोर्ट भी ली जा रही है।