न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सर्दी के सितम से आमजन के साथ रोडवेज की बस सेवाएं भी लड़खड़ा गई हैं। रोडवेज बसों में एकाएक यात्रियों की संख्या कम हो गई है। इस कारण डिपो को प्रतिदिन करीब एक लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। सर्दी से बचने के लिए रोडवेज बस स्टैंड परिसर में रैन बसेरा भी बनाया गया है। साथ ही अलाव जलवाने के लिए नगर पालिका को पत्र लिखा गया है।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक (एमडी) ने साफ शब्दों में कहा था कि रोडवेज बसस्टैंड पर रैन बसेरा बनाया जाए और अलाव जलवाए जाएं। इस क्रम में हाथरस डिपो की एआरएम ने नगर पालिका प्रशासन से बसस्टैंड पर अलाव जलवाने की मांग की है।
वहीं खास बात यह है कि सर्दी के सितम के चलते रोडवेज की आमदनी भी कम हो गई है। लंबे और लोकल रूट तक चल रही बसों में यात्रियों की संख्या कम हो गई है। इसे लेकर हाथरस डिपो के अधिकारी खासे परेशान हैं। एआरएम शशी रानी का कहना है कि सर्दी के चलते यात्रियों की संख्या कम हो गई है। हर रोज एक लाख रुपये आय कम हो गई है। संवाद