संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
पंचायत उपचुनाव के तहत कलेक्ट्रेट परिसर स्थित चकबंदी न्यायालय कक्ष में जिला पंचायत के वार्ड संख्या 16 के सदस्य पद के लिए छह प्रत्याशियों द्वारा दाखिल किए गए सात और विकास खंड कार्यालयों में ग्राम प्रधानों और सदस्यों के रिक्त पदों के लिए दाखिल किए गए नामांकनों की जांच की प्रक्रिया पूरी हो गई। जांच के दौरान सभी नामांकन प्रपत्र पूर्ण व सही पाए गए हैं। अब आयोग के निर्देश के क्रम में 22 जुलाई को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पंचायत उप चुनाव के लिए कलेक्ट्रेट और विकास खंड मुख्यालयों पर रिक्त पदों के सापेक्ष नामांकन दाखिल किए गए थे। चकबंदी न्यायालय कक्ष में जिला पंचायत के वार्ड सादाबाद द्वितीय के रिक्त जिला पंचायत सदस्य पद के सापेक्ष गांव मौनियां निवासी रालोद समर्थित प्रत्याशी केशव देव चौधरी और गांव कुरसंडा निवासी भाजपा समर्थित प्रत्याशी रूपेंद्र सिंह, गांव कुरसंडा के रहने वाले बृजराज सिंह, गांव चमरपुरा के रहने वाले बहादुर सिंह, गांव पल्हावत कजरौठी के रहने वाले हरीशचंद्र और गांव नौगवां निवासी वाली वर्षा चौधरी ने नामांकन दाखिल किया था।
इन सभी नामांकन प्रपत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी की गई। इस क्रम में ब्लॉक सदर परिसर में ग्राम पंचायत गढ़ी परती बनारसी में ग्राम प्रधान पद के लिए धूल मोहम्मद, विनोद कुमार व आमिर खान ने पर्चा दाखिल किया। ग्राम पंचायत सदस्य पवलोई के लिए शिव सिंह, ग्राम पंचायत सदस्य गंगचौली के लिए कन्हैयालाल, ग्राम पंचायत सदस्य सिकंदपुर के लिए गोरेलाल, ग्राम पंचायत सदस्य रतनगढी के लिए मुकेश कुमार, ग्राम पंचायत अल्हैपुर चुरसैन सदस्य पद के लिए आफताब ने अपना नामांकन जमा किया था। जांच में सभी नामांकन प्रपत्र सही पाए गए हैं।