सादाबाद: आसमान पर मंडराते टड्डी दल।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
आगरा से होते हुए सोमवार को पाकिस्तानी टिड्डी दल सादाबाद के कई गांव और कस्बे में पहुंच गया। सोमवार की शाम को इस दल को जब आसमान में उड़ते हुए किसानों ने देखा तो उनमें दहशत फैल गई। किसान खेतों पर हाथों में थाली लिए पहुंच गए और उसे बजाते हुए टिड्डियों को भगाया। कस्बे में भी छतों पर लोग हाथों में थाली व आवाज करने वाले उपकरण लेकर खड़े हो गए।
सोमवार की शाम को करीब सात बजे कस्बे में यह टिड्डी दल पहुंचा, उससे पहले शाम करीब छह बजे यह टिड्डी दल के पहुंचने की सूचना गांव बिलारा, मई, बरौस, गोविंदपुर आदि से भी मिली। इससे दल को देखकर किसानों में भय व्याप्त हो गया। हालांकि यह टिड्डी दल आसमान में ही घूमता रहा। सादाबाद कस्बे में भी यह दल काफी देर तक आसमान में दिखाई दिया।
कृषि महकमे की टीम भी गांव मंस्या में टिड्डीदल के पहुंचने की सूचना पर पहुंच गईं। उप कृषि निदेशक एचएन सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी यतेंद्र सिंह, उपसंभागीय विषय वस्तु विशेषज्ञ सीपी शर्मा आदि अधिकारी गांवों में घूमे और किसानों को इन टिड्डीदल से बचने के उपाय सुझाते रहे। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि टिड्डी दल के आने से किसानों को कहां कहां नुकसान हुआ है या नहीं हुआ है। इसकी सूचना एकत्र कराई जाएगी।