हाथरस: रमजान की पूर्व संध्या पर चांद का दीदार करते अकीदतमंद।
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
रमजान का पाक महीना शनिवार से शुरू होगा। लॉकडाउन के चलते प्रशासन ने यहां लोगों से अपील की है कि वह रमजान पर घरों में ही नमाज अदा करें और सामूहिक रोजा इफ्तार न करें तो यही अपील मुस्लिम इंतजामिया कमेटी ने भी की है। जुमे की नमाज और रमजान के चलते पुलिस प्रशासन भी खासा सतर्क रहा। पुलिस अधिकारियों ने कई थानों में मुस्लिम समाज के संभ्रात लोगों के साथ इसे लेकर बैठकें भी की।
चांद का दीदार होने के बाद शनिवार से रमजान का महीना शुरू होगा। इस बार लॉकडाउन है। ऐसे में प्रशासन का काफी फोकस इस बात पर है कि मस्जिदों में सामूहिक रूप से नमाज न पढ़ी जाए और रोजा इफ्तार न हो। अधिकारियों ने पूरे दिन मस्जिदों, ईदगाहों का भ्रमण भी किया और व्यवस्थाएं देखी।
वहीं मुस्लिम इंतजामिया कमेटी के सदर रिजवान अहमद कुरैशी ने मुस्लिम समाज के लोगों से कहा है कि सभी मस्जिदों से पांचों टाइम की नमाज, रात को सेहरी करने की इत्तिला व रोजा इफ्तार खोलने का ऐलान माइक से ही कर दें। नमाज व तरावीह अपने-अपने घरों में अदा करें। एक दूसरे से उचित दूरी बनाए रखें और सरकार के आदेश का पालन करें। बसपा के पूर्व जिला सचिव सौबी कुरैशी ने भी समाज के लोगों से अपील की है कि वह वर्तमान परिस्थिति में नमाज व तरावीह घरों से ही अदा करें।