संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
दि बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा की अध्यक्षता में एक बैठक कोर्ट परिसर में हुई। इसमें शाहजहांपुर कोर्ट परिसर में 18 अक्तूबर को भूपेंद्र सिंह एडवोकेट की गोली मारकर हत्या कर देने और अन्य जनपदों में अधिवक्ताओं की आए दिन हत्या किए जाने को लेकर आक्रोश जाहिर किया गया।
अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार से अनुरोध किया कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किया जाए। मृतक अधिवक्ताओं के परिवारों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए और एक आश्रित को नौकरी दी जाए।
सचिव चौधरी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि बैठक में अधिवक्ताओं ने निर्णय लिया है कि 20 अक्तूबर को उक्त घटना के विरोध में पूर्ण रूप से न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे और दोपहर 12 बजे एसडीएम कार्यालय पर पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में अधिवक्ताओं की सुरक्षा व आर्थिक सहायता के अलावा कचहरी परिसर में असलाह लेकर आने पर रोक लगाने की मांग की जाएगी।