न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
पिछले दो वर्षों से प्राथमिक शिक्षक भर्ती न होने के कारण छात्रों में आक्रोश है। ऐसे में बेरोजगार छात्र-छात्राएं कोरोना महामारी के कारण घर पर रहकर ही ट्विटर के माध्यम से शिक्षक भर्ती के मुद्दे को लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उछाल रहे हैं।
सुभाष गली निवासी बेरोजगार शिक्षक राहुल मित्तल ने बताया कि यूपी में प्राथमिक शिक्षकों के डेढ़ लाख से ज्यादा पद खाली हैं, फिर भी विज्ञापन जारी नही किया जा रहा, जबकि सरकार ने ये हलफनामा दिया है कि वो जल्द ही 51,112 पदों पर भर्ती करेगी, जिसमें शिक्षामित्रों को एक और मौका दिया जाएगा। राहुल ने बताया कि 2018 में हुई 68,500 शिक्षकों की भर्ती में 22000 सीट रिक्त रह गई थीं।
सरकार 51,112 पदों में 68,500 शिक्षक भर्ती के रिक्त पदों को जोड़कर एवं जो हर वर्ष शिक्षक रिटायर होते हैं, उन सबको जोड़कर कम से कम 97 हजार पदों पर विज्ञापन जल्द से जल्द जारी करे, क्योंकि यूपी में टीईटी, सीटीईटी पास बेरोजगार अभ्यर्थियों की संख्या 10 लाख से ऊपर है। राहुल ने बताया कि योगी रोजगार दो हैशटैग के साथ बेरोजगारों ने करीब ढाई लाख ट्वीट कर पूरे भारत में 20 वें नंबर पर ट्रेंड किया है।