न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले में बुखार का प्रकोप फिर से शुरू हो गया है। लगभग हर घर में बुखार का कोई न कोई मरीज है। जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी की ओपीडी में उपचार को लेकर मारामारी की स्थिति है। मरीजों की लंबी-लंबी कतार लगी हुई है। पहले पर्चा बनवाने के लिए धक्कामुक्की फिर दवा लेने और डाक्टर को दिखाने के लिए मरीजों को धक्का खाने पड़ रहे हैं।
मौसमी बुखार के मरीजों की संख्या घटने का नाम नहीं ले रही है। यह समस्या और भी बढ़ गई है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में आए 1800 मरीजों में से करीब 50 फीसदी मरीज जुकाम, बुखार व खांसी से पीड़ित पाए गए। यह सब मौसम के उतार-चढ़ाव के कारण हो रहा है। जो मरीज सर्दी, जुकाम व बुखार से पीड़ित मिल रहे हैं, उनकी चिकित्सकों द्वारा पैथोलॉजिकल जांच कराई जा रही है। जांच में कुछ मरीजों की प्लेटलेट्स कम मिल रहीं हैं। मरीजों की अधिकता के चलते जिला अस्पताल की ओपीडी दो बजे के बजाए करीब ढाई बजे तक संचालित हुई।
सावधानी बरतने की जरूरत
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अजय कुमार सैनी ने बताया कि इस समय मौसमी बीमारियां चल रही हैं। ऐसे में लोगों को इलाज कराने के साथ ही सावधानी बरतने की जरूरत है। बुखार आने पर देसी नुस्खे अपनाने के बजाय डॉक्टर से परामर्श लेकर इलाज कराएं। यदि लगातार तीन दिन से बुखार हो तो ग्रामीण क्षेत्र के झोलाछाप के फेर में नहीं पड़ें। तत्काल सरकारी अस्पताल पहुंचकर जांच कराते हुए इलाज शुरू करें। नियमित गरम पानी का सेवन करें। फ्रिज में रखी व ठंडी वस्तुओं, मसालेदार व्यंजन का सेवन करने से पूरी तरह परहेज करें। तरल पदार्थों का सेवन अधिक करें। पूरी बांह का कपड़े पहने, अपने घर पर रखे टूटे पात्र व बर्तनों में पानी न जमा होने दें तथा नियमित रूप से साफ-सफाई करें।
दवाओं की नहीं कमी
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि अस्पताल में दवाओं की कमी नहीं है। सभी प्रकार की दवाएं अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में मौजूद हैं। अस्पताल आने वाले सभी मरीजों को चिकित्सक द्वारा लिखी गई दवाएं अस्पताल से दी जा रही हैं।
- कई दिनों से बुखार आ रहा है, दवा लेने आएं हैं, लेकिन यहां पर इतनी भीड़ है कि काफी देर से नंबर ही नहीं आ रहा। - कुसुमा, मरीज।
- सर्दी से सीने में दर्द हो रहा है। दवा भी ली, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। इसलिए अस्पताल से दवा लेने आए हैं। - नेत्रपाल सिंह, मरीज।
- यहां पर आए दो से तीन घंटे हो गए, लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया है। लाइन में लगकर बारी का इंतजार कर रहा हूं। - राजपाल सिंह, मरीज।
- मेरे बच्चे को कई दिनों से बुखार आ रहा है। सर्दी भी हो रही है। दवा दिलवाने आई हूं, ताकि वह ठीक हो जाए। - सुमन, तीमारदार।
जिले में अब तक 13 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। डेंगू से किसी की मौत नहीं हुई है। बागला जिला अस्पताल में डेंगू की जांच की व्यवस्था है। जहां भी वायरल बुखार फैलने की जानकारी मिल रही है, वहां टीमें भेजी जा रही हैं। हर सीएसची पर हमनें टीमें गठित कर रखी हैं। लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।
-डॉ. मंजीत सिंह, सीएमओ, हाथरस